बिहार के बेगूसराय में स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने श्रवण कुमार के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की ओर से सिर्फ लोगों को गुमराह कर केंद्र की सरकार को बदनाम करने का काम किया जा रहा है।
गिरिराज सिंह ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दी जाने वाली राशि से एक लाख साठ हजार लोगों को वंचित रखा गया। अब पूरा पैसा वापस चला गया है। जबकि बिहार सरकार सिर्फ लोगों को गुमराह कर केंद्र सरकार पर दोषारोपण करने में लगी हुई है। आंकड़ों पर गौर किया जाए तो यूपीए की सरकार से कई गुना अधिक नरेंद्र मोदी की सरकार ने आवास योजना का लाभ लोगों तक पहुंचाया है।
गौरतलब है कि बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा था कि प्रधानमंत्री आवास योजना में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का कोई योगदान नहीं है। इस कारण लोगों को कोई फायदा नहीं हो रहा है।
'चाचा-भतीजे की जोड़ी छक्का पंजा करने में लगी'
गिरिराज सिंह ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि आज चाचा और भतीजे की जोड़ी सिर्फ छक्का पंजा करने में लगे हुए हैं। हर जगह निर्दोष हिंदुओं को फंसाया जा रहा है। इन लोगों के द्वारा की जा रही कार्रवाई से सीधे-सीधे लग रहा है कि बिहार में हिंदुओं को दूसरे दर्जे का नागरिक बना दिया गया है। आज कोई इफ्तार पार्टी कर रहे हैं तो कोई उसमें जाकर आनंद उठा रहा है। सिर्फ वोट की राजनीति के लिए यह लोग हिंदुओं को मानसिक तौर पर भी प्रताड़ित कर रहे हैं।
गिरिराज सिंह ने कहा कि आज हिंदू देवी-देवताओं के पूजन में कई तरह के प्रतिबंध लगाए जाते हैं, जबकि मुसलमानों को खुली छूट दी जाती है। लेकिन अब ऐसा चलने वाला नहीं है और इसके परिणाम बिहार सरकार को भी भुगतने पड़ेंगे।