जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर कथित धमकी देने वाले युवक को गया साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें उसने मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक और धमकी भरी बातें कही थीं।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर कथित धमकी देना एक युवक को भारी पड़ गया। गया साइबर थाना पुलिस ने वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उसके सोशल मीडिया नेटवर्क, पोस्ट और संभावित मकसद की गहराई से जांच कर रही है।
विज्ञापन
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में युवक ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और धमकी भरी बातें कही थीं। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया और पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया। गया पुलिस ने युवक की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लोगों से उसकी पहचान बताने की अपील की थी। इसके बाद साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल कर ली।
साइबर थाना की त्वरित कार्रवाई
मामले की पुष्टि करते हुए गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर धमकी भरे पोस्ट और वीडियो की सूचना मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस को तुरंत जांच के निर्देश दिए गए थे। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
विज्ञापन
पोस्ट के पीछे क्या था मकसद?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने वीडियो और पोस्ट किसी व्यक्तिगत विवाद, राजनीतिक कारण या सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से डाले थे। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि युवक अकेले काम कर रहा था या उसके पीछे किसी और का भी हाथ है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना पूरे डिजिटल नेटवर्क की जांच कर रहा है। इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर भड़काऊ और धमकी भरे पोस्ट करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। वहीं पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।