बोधगया के महाबोधि मंदिर की फोटो
- फोटो : Amar Ujala
वियतनाम के महामहिम राष्ट्रपति के 05 मई 2026 को प्रस्तावित बोधगया दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनज़र सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।
ट्रैफिक प्लान जारी
प्रशासन के अनुसार, पांच मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था सुरक्षा एजेंसियों, ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन के समन्वय से लागू की जाएगी, ताकि राष्ट्रपति के काफिले का आवागमन सुचारू रूप से हो सके। जारी निर्देशों के अनुसार 05 नंबर गेट, हवाई अड्डा, टेकुना फार्म, दोमुहान, नोड-01 से महाबोधि मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा नोड-01 से करमापा मंदिर जाने वाली सड़क पर भी किसी प्रकार के वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
वैकल्पिक मार्ग तय किए गए
आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। बोधगया से गया आने-जाने वाले वाहन शेरघाटी-चेरकी-गुलेरियाचक-सिकरिया मोड़ मार्ग से संचालित किए जाएंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करें और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का ही पालन करें। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। महाबोधि मंदिर परिसर सहित आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। होटल, धर्मशाला और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की गहन जांच भी जारी है।
ये भी पढ़ें-
Bihar Accident: मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-कार की टक्कर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।