गया में 16 अगस्त को आयोजित अंडर-23 सीनियर बिहार राज्य स्तरीय कुश्ती ट्रायल में गोपालगंज जिले के दो पहलवानों ने शानदार जीत दर्ज कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
बिहार कुश्ती संघ के तत्वावधान में 16 अगस्त को खेल भवन, गया में आयोजित अंडर-23 सीनियर बिहार राज्य स्तरीय कुश्ती ट्रायल में गोपालगंज जिले के दो पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बना ली। ये दोनों खिलाड़ी 22 से 24 अगस्त तक झारखंड की राजधानी रांची में होने वाली राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विज्ञापन
भोरे प्रखंड की डोमनपुर पंचायत की अंजु साहनी ने 53 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में पटना की उजाला कुमारी को मात देकर जीत दर्ज की। अंजु, पहलवान दिनेश साहनी की पुत्री हैं। वहीं, शुकुल रेडवरिया गांव निवासी हरिशंकर भगत के पुत्र ओमप्रकाश कुमार ने 77 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में पटना के पहलवान को 10-0 से हराकर धमाकेदार अंदाज में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह सुनिश्चित की।
जिला कुश्ती संघ के सचिव और राष्ट्रीय कोच रामपूजन साहनी ने कहा कि यदि ये दोनों पहलवान राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतते हैं तो उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल सकता है। इस अवसर पर बिहार कुश्ती संघ के महासचिव विनय कुमार सिंह और अंजु के पिता दिनेश साहनी मौजूद रहे। इन उपलब्धियों पर बिहार सरकार के मंत्री हरि सहनी सहित कुश्ती संघ के पदाधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।