बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने बोधगया में राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उन्हें "कांग्रेस के बिगड़े शहजादे" करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का व्यवहार अजीब है और वे देश के प्रवक्ता नहीं, बल्कि अन्य देश के प्रतीत होते हैं।
बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने रविवार को बाबा दशरथ मांझी की 18वीं महापरिनिर्वाण दिवस के मौके पर पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी “कांग्रेस के बिगड़े शहजादे” हैं और उनके बोलने व व्यवहार करने का तरीका अजीब है। संतोष सुमन ने कहा कि राहुल गांधी ऐसा व्यवहार करते हैं जैसे वे देश के प्रवक्ता नहीं बल्कि किसी अन्य देश के हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनके सहयोगी वोटर वेरीफिकेशन को लेकर भ्रम फैला रहे हैं और जनता में मतों की गिनती को लेकर डर पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा, "चुनाव आयोग एक बड़ी संस्था है। हमारे 100 करोड़ मतदाता हैं। वोटर वेरीफिकेशन का काम सिर्फ त्रुटियों को सुधारने के लिए है। कोई भी मत कटा नहीं है। कोई व्यक्ति दो जगह दर्ज है तो उसमें सुधार हो रहा है, मृतक मतदाता का नाम अभी भी है तो उसमें सुधार हो रहा है। इसे वोट चोरी बताना भ्रम फैलाना है।"
विज्ञापन
उन्होंने राहुल गांधी के पिछले व्यवहारों का हवाला देते हुए कहा कि "असंवैधानिक भाषा बोलना और अपनी गलतियों में क्षमा मांगना उनका काम है। राफेल मामले में लिखित माफी मांगी और प्रधानमंत्री के बारे में भी उन्होंने माफी मांगी।"
संतोष सुमन ने आगे कहा कि राहुल गांधी के बिहार आने से कोई असर नहीं पड़ेगा। "हमारे राज्य की जनता एनडीए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा करती है। आने वाले 2025 विधानसभा चुनाव में एनडीए 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। राहुल गांधी के मंसूबों पर पानी फिरेगा।" उन्होंने कहा कि ज्ञान की भूमि बोधगया में आने से राहुल गांधी को ज्ञान जरूर मिलेगा, लेकिन इसका लाभ उन्हें 10-15 साल बाद हो सकता है।