गयाजी के टावर चौक पर शिक्षा मंत्री का पुतला दहन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
पेपर लीक मामलों और छात्रों के आंदोलनों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गया में युवाओं का आक्रोश देखने को मिला। ऑल इंडिया युवा फेडरेशन (AIYF) के बैनर तले छात्रों और युवाओं ने विरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार की शिक्षा नीति और परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की गई।
गौतम बुद्ध मार्ग से निकला विरोध मार्च
पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों के बीच बढ़ते असंतोष का असर अब गया में भी दिखाई देने लगा है। शनिवार को ऑल इंडिया युवा फेडरेशन (AIYF), गया इकाई के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने गौतम बुद्ध मार्ग से विरोध मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए ऐतिहासिक टॉवर चौक पहुंचे।
जंतर-मंतर लाठीचार्ज के खिलाफ जताया आक्रोश
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज को कुचलने का काम कर रही है।
शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
टॉवर चौक पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार अव्यवस्था और भ्रष्टाचार का शिकार हो रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं, जिससे लाखों मेहनती छात्रों का विश्वास टूट रहा है।
ये भी पढ़ें:
भीषण गर्मी में फूटा लोगों का गुस्सा! हर घर नल-जल योजना से वंचित लोगों का प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी
इस्तीफे की मांग के साथ दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
सभा को संबोधित करते हुए युवा नेताओं ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री से भी इस पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की। प्रदर्शन के अंत में शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और परीक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।