प्रेम विवाह के बाद उपजे विवाद ने बोधगया के एक गांव में ऐसा खतरनाक मोड़ ले लिया कि पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा। बोधगया थाना क्षेत्र के हथियार गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई है। आरोप है कि हाल ही में प्रेम विवाह करने वाले युवक ने अपने साथियों के साथ युवती के परिजनों को डराने और दबाव बनाने के उद्देश्य से फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्रेम विवाह के बाद बढ़ता गया विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ समय पहले गांव की एक युवती ने अपनी पसंद से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। इसी विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि प्रेम विवाह करने वाला युवक मेराज उर्फ रिंकू अपने कुछ साथियों के साथ चारपहिया वाहन से गांव पहुंचा और युवती के परिजनों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।
बाल-बाल बची जान
घटना में हथियार गांव निवासी राम पुकार चौधरी के पुत्र मुकेश कुमार को निशाना बनाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने तीन से चार राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि किस्मत अच्छी रही कि मुकेश कुमार बाल-बाल बच गए और उन्हें किसी प्रकार की शारीरिक क्षति नहीं हुई। मुकेश कुमार ने बताया कि पांच युवक वाहन पर सवार होकर आए थे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई।
गोलियों की गूंज से दहशत में आया पूरा गांव
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही क्षणों में पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। महिलाओं और बच्चों में भी भय का माहौल देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से मौके से फरार हो गए। भागने के दौरान एक युवक जमीन पर गिरे खोखों को उठाते हुए भी देखा गया, जिससे साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है।
ये भी पढ़े:
बिहार में अमूल का बड़ा दांव! 200 करोड़ के निवेश से बनेगी हाईटेक डेयरी यूनिट, 200 लोगों को मिलेगा रोजगार
वायरल वीडियो और सीसीटीवी के सहारे आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में प्रेम विवाह से जुड़े विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क बनी हुई है।