Crime in Bihar : बिहार के गया में मछली लाने निकले युवक अमरकांत का शव बेलागंज रेलवे लाइन के पास मिला। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई और गया-गोह मार्ग जाम कर प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच व गिरफ्तारी की मांग की।
बिहार के गया जिले में एक युवक के संदिग्ध हालात में रेलवे ट्रैक के पास शव मिलने से सनसनी फैल गई। घर से मछली लाने निकला युवक वापस नहीं लौटा और अगले दिन उसकी लाश रेलवे लाइन किनारे बरामद हुई। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
विज्ञापन
घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा
मामला गया जिले के कोच थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान कोच प्रखंड के नेहोरा गांव निवासी अमरकांत के रूप में हुई है। वह खजूरी पंचायत की पूर्व सरपंच उषा देवी का पुत्र बताया जाता है। परिजनों के अनुसार अमरकांत गुरुवार को घर से मछली लाने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार के बाद परिवार वालों ने उसे फोन करना शुरू किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद आने लगा।
सुबह रेलवे लाइन के पास मिला शव
शुक्रवार को गया-पटना रेलखंड के बेलागंज रेलवे लाइन के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पहचान होने के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
विज्ञापन
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों ने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि अमरकांत की हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया ताकि मामला हादसा लगे। परिजनों का आरोप है कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने गया-दोभी मुख्य मार्ग जाम कर जमकर प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
इलाके में तनाव, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। वहीं युवक की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।