गयाजी रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब पटना–रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश में एक यात्री की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रेन पहले ही चल चुकी थी और यात्री ने भागकर ट्रेन पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्री ने जैसे ही चलती ट्रेन के पायदान पर पैर रखा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच बने संकरे गैप में जा फंसा। ट्रेन धीरे-धीरे गति पकड़ रही थी, जिसके चलते वह कुछ दूरी तक घिसटता चला गया। मौके पर मौजूद यात्रियों ने शोर मचाकर ट्रेन रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
ट्रेन के गार्ड ने घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका, लेकिन यात्री की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) की टीम मौके पर पहुंची। मृतक का शव ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बुरी तरह फंसा हुआ था। शव को निकालने के लिए रेलवे कर्मचारियों को प्लेटफॉर्म का हिस्सा तोड़ना पड़ा। लगभग 20 मिनट के प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। इस हादसे के कारण पटना–रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक गया स्टेशन पर रुकी रही। यात्रियों की भीड़ मौके पर जमा रही और माहौल गमगीन बना रहा।
यह भी पढ़ें- Priyanka Gandhi In Katihar: बिहार में प्रियंका पीएम मोदी के कट्टे वाले बयान पर बरसीं, कहा- पद की गरिमा का...
रेल प्रशासन ने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। जीआरपी इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया, “शव को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के मोबाइल से ही उसकी पहचान संभव होगी। हमें मोबाइल पर किसी कॉल का इंतजार है। उसके बैग से कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है जिससे पहचान हो सके।” रेलवे पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और पहचान के प्रयास जारी हैं।