गया जंक्शन से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई नवविवाहिता के मामले में रेल पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। करीब दो महीने तक चली जांच के बाद महिला को गया शहर से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ मुंबई चली गई थी। अब पुलिस उसके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने बताया कि बरामद महिला की पहचान मुन्नी कुमारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि जिस युवक के साथ वह गई थी, वह गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र का निवासी है।
सीएलसी लेने आई थी, फिर अचानक हो गई गायब
यह मामला 6 मई 2026 का है। औरंगाबाद जिले के देवरिया कला थाना क्षेत्र के शिवपुर डेहरी निवासी अंशु कुमार अपनी पत्नी मुन्नी कुमारी के साथ 12382 दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस से गया जंक्शन पहुंचे थे। दोनों को प्लस-टू लीला महतो हाई स्कूल से इंटरमीडिएट का सीएलसी (स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट) लेना था। स्टेशन पर उतरने के बाद दोनों डेल्हा साइड स्थित प्रतीक्षालय में बैठे थे। इसी दौरान मुन्नी ने शौचालय जाने की बात कहकर बाहर जाने की अनुमति ली, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। पति ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मोबाइल फोन भी बंद मिला, जिसके बाद रेल थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
सीसीटीवी फुटेज बना जांच का अहम आधार
शिकायत मिलने के बाद रेल थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दंपती प्रतीक्षालय में बैठे दिखाई दिए। कुछ देर बाद महिला अकेले स्टेशन के मुख्य द्वार से बाहर निकलती नजर आई। हालांकि, इसके बाद वह किस ओर गई, इसका तत्काल कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
परिजन जता रहे थे अनहोनी की आशंका
महिला के अचानक लापता होने के बाद परिवार के लोग बेहद परेशान थे। उसके भाई मुकेन्द्र कुमार ने बताया था कि मुन्नी की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और पति-पत्नी के बीच किसी विवाद की जानकारी नहीं थी। मोबाइल बंद होने और अचानक संपर्क टूटने से परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे थे।
ये भी पढ़ें-
Bihar: बिहार में थार से किडनैपिंग! RJD का झंडा लगी गाड़ी से युवक को उठाया; बुरी तरह पीटकर सड़क पर फेंका
जांच में सामने आई पूरी सच्चाई
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान पता चला कि मुन्नी कुमारी अपनी इच्छा से अपने प्रेमी के साथ मुंबई चली गई थी। हाल ही में उसके गया लौटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गया शहर के राय काशीनाथ मोड़ इलाके से बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस महिला का विस्तृत बयान दर्ज कर रही है। उसके बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।