फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: लॉटरी लगी न मिला खजाना... फिर भी बोधगया का विकास कुमार बना 294 करोड़ का मालिक! जानें पूरा माजरा

Fri, 05 Jun 2026 11:06 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया

सार

बिहार के गया जिले के बोधगया प्रखंड के मस्तपुरा गांव में रहने वाले एक प्लंबर और इलेक्ट्रिकल मिस्त्री के बैंक खाते में अचानक 294 करोड़ 80 लाख रुपये का बैलेंस दिखाई देने का मामला चर्चा का विषय बन गया है।
विज्ञापन
(फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के गया जिले के बोधगया प्रखंड से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक साधारण प्लंबर और इलेक्ट्रिकल मिस्त्री के बैंक खाते में अचानक 294 करोड़ 80 लाख रुपये का बैलेंस दिखाई देने लगा। खाते में अरबों रुपये की रकम दिखने के बाद युवक खुद हैरान है, जबकि गांव में भी इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह तकनीकी गड़बड़ी है या इसके पीछे कोई और वजह है।

मोबाइल पर बैलेंस देखा तो रह गए दंग

बोधगया प्रखंड के मस्तपुरा गांव निवासी विकास कुमार पेशे से इलेक्ट्रिकल और प्लंबर मिस्त्री हैं। उन्होंने बताया कि उनका जियो पेमेंट्स बैंक का खाता पिछले करीब पांच वर्षों से सक्रिय है। दो दिन पहले उन्होंने जियो फाइनेंस ऐप के जरिए अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो स्क्रीन पर 2,94,80,00,000 रुपये की राशि दिखाई दी।

पहली बार बैलेंस देखने पर उन्हें लगा कि शायद यह कोई तकनीकी गड़बड़ी होगी, लेकिन जब गुरुवार शाम उन्होंने दोबारा बैलेंस चेक किया तो वही राशि फिर दिखाई दी। इसके बाद यह मामला और भी रहस्यमय बन गया।

पहले लाखों का लेनदेन, अब दिखे करोड़ों

विकास कुमार के अनुसार उनके खाते में अब तक अधिकतम 6 से 7 लाख रुपये तक का ही लेनदेन हुआ है। कभी भी खाते में इतनी बड़ी रकम नहीं रही। ऐसे में अचानक सैकड़ों करोड़ रुपये का बैलेंस दिखना उनके लिए भी किसी हैरानी से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से देखते हुए उन्होंने खाते से पैसे निकालने या किसी तरह का कोई लेनदेन करने की कोशिश नहीं की है। उन्हें आशंका है कि यह बैंकिंग सिस्टम की किसी तकनीकी त्रुटि का परिणाम हो सकता है।

गांव में चर्चा का विषय बना मामला

घटना की जानकारी मिलते ही मस्तपुरा गांव में लोगों का तांता लग गया। विकास के घर लगातार लोग पहुंच रहे हैं और खाते में दिख रही राशि के बारे में जानकारी ले रहे हैं। गांव के लोगों के बीच यह मामला कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग इसे तकनीकी गड़बड़ी मान रहे हैं, जबकि कई लोग इसे बैंकिंग सिस्टम की बड़ी चूक बता रहे हैं।

विज्ञापन

 

ये भी पढ़ें: Bihar News: मुजफ्फरपुर ICU अग्निकांड पर बड़ा मोड़: मानवाधिकार आयोग पहुंचा मामला, रिटायर्ड जज से जांच की मांग

सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई खबर

जैसे-जैसे इस घटना की जानकारी लोगों तक पहुंची, सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा तेज हो गई। स्थानीय स्तर पर यह खबर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

बैंक की प्रतिक्रिया का इंतजार

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि खाते में दिखाई दे रही 294 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि किसी तकनीकी गड़बड़ी का नतीजा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। बैंक की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब सभी की निगाहें बैंक और संबंधित अधिकारियों की जांच पर टिकी हैं। जांच के बाद ही इस रहस्यमयी करोड़ों रुपये के बैलेंस की वास्तविक सच्चाई सामने आ सकेगी।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें