गयाजी शहर के धामिटोला मोहल्ले में स्थित लोहानी पेंट हाउस के गोदाम वाली बिल्डिंग में आग लगने के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
राहत एवं बचाव दल लगातार आग बुझाने का प्रयास कर रहा है। अग्निशमन विभाग के अधिकारी और दमकल कर्मी मौके पर मौजूद हैं तथा आग पर काबू पाने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। साथ ही, आग से हुए नुकसान का भी अभी तक आकलन नहीं किया जा सका है।
बताया गया कि दो मंजिला भवन में स्थित पेंट हाउस के गोदाम में आग लगी है। फायर स्टेशन से अग्निशमन विभाग की टीम पानी के टैंकरों के साथ मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह गोदाम मनोज कुमार लोहानी या उनके किसी भाई का बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। खबर लिखे जाने तक आग बुझाने का कार्य जारी था।