बिहार के गया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ पाया गया। यह घटना गुरुआ थाना क्षेत्र के मटुआटांड़ गांव के पास की है, जहां सोमवार की सुबह एक बबुल के पेड़ से लटकता शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गया जिले के परैया थाना क्षेत्र अंतर्गत तापी गांव निवासी अशोक चौहान के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक सोमवार की सुबह अपने घर से खेत में गेहूं की कटनी करने की बात कहकर निकला था। लेकिन काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा, जिससे परिवार के लोग चिंतित हो उठे।
घटनास्थल पर छानबीन करती स्थानीय पुलिस
हत्या या आत्महत्या दोनों पहलुओं पर पुलिस कर रही है जांच
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने मृतक के शरीर की जांच की और आसपास से साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक शव की स्थिति और जिस तरह से वह पेड़ से लटका हुआ था, उसे देखते हुए यह प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। वहीं परिजनों ने बताया कि अभिषेक काफी सीधा-सादा युवक था और उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। वे इस बात पर हैरान हैं कि वह ऐसा कदम कैसे उठा सकता है।