Bihar: परिजनों ने बताया कि पिंटू सुबह करीब 4:30 बजे घर से निकला था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर आ गई। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिहार के गया जिले में सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को गया-औरंगाबाद सड़क मार्ग पर एक दर्दनाक दुर्घटना में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गया-गोह मुख्य पथ पर परसावां मोड़ के पास यह हादसा हुआ। कसला गांव निवासी कौशल गुप्ता उर्फ पिंटू (28) अपनी पत्नी को लाने औरंगाबाद जिले के गोह जा रहा था।
विज्ञापन
रास्ते में पहले से खड़े एक ट्रैक्टर के पास पहुंचते ही विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिंटू संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर से जा टकराया। ट्रैक्टर का पिछला हिस्सा उसके सिर पर लग गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद हंगामा
पिंटू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने शव के साथ गया-गोह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया।
पुलिस की कार्रवाई
थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि मौके से ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है, जबकि पिकअप वाहन की पहचान की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
घर में मचा कोहराम
परिजनों ने बताया कि पिंटू सुबह करीब 4:30 बजे घर से निकला था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर आ गई। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।