फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: पटना में धरा गया रेहान! बांकेबाजार के चर्चित मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में खुलेंगे कई

Thu, 02 Jul 2026 02:12 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया

सार

गया जिले के बांकेबाजार थाना क्षेत्र में नाबालिग से कथित यौन उत्पीड़न और आपत्तिजनक वीडियो वायरल मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रेहान अंसारी को पटना से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दूसरे शहर भागने की तैयारी में था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर विशेष टीम ने उसे दबोच लिया।
विज्ञापन
आरोपी रेहान अंसारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गया जिले के बांकेबाजार थाना क्षेत्र में नाबालिग से कथित यौन उत्पीड़न और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी रेहान अंसारी को पुलिस ने पटना से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी दूसरे शहर या दूसरे राज्य भागने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही विशेष टीम ने उसे दबोच लिया।

विशेष पुलिस टीम ने पटना में की कार्रवाई

शेरघाटी एसडीपीओ-1 संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसके लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों, लोकेशन ट्रैकिंग और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने पटना में कार्रवाई करते हुए रेहान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरे शहर भागने की तैयारी में था आरोपी

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पटना में छिपा हुआ था और वहां से किसी दूसरे शहर या राज्य भागने की योजना बना रहा था। इससे पहले कि वह अपने मंसूबे में सफल होता, पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला बांकेबाजार थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एक नाबालिग लड़की के साथ कथित यौन उत्पीड़न करने और उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।

अन्य दावों की भी हो रही जांच

सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया गया कि आरोपी ने अन्य नाबालिग लड़कियों के साथ भी इसी तरह की घटनाएं की थीं। हालांकि, इन दावों की अब तक स्वतंत्र और आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

पूछताछ में खुल सकते हैं कई अहम राज

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जाएगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कथित वायरल वीडियो कैसे बनाए गए, उन्हें सोशल मीडिया पर किस माध्यम से प्रसारित किया गया और क्या इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी।

गिरफ्तारी की मांग को लेकर हुआ था बाजार बंद

इस मामले के सामने आने के बाद बांकेबाजार में लोगों का भारी आक्रोश देखने को मिला था। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बाजार बंद रखा था और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब लोगों की नजर पुलिस की आगे की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हुई है।

पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की

पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर भरोसा नहीं करने तथा जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें