गया जिले में अब अपराधी सिर्फ हथियार के दम पर नहीं, बल्कि पुलिस की वर्दी और अधिकार का डर दिखाकर भी लोगों को निशाना बना रहे हैं। बुनियादगंज थाना क्षेत्र के गया-पटना मार्ग स्थित एसएच-4 पर मंगलवार दोपहर हुई एक सनसनीखेज ठगी की वारदात ने यह साफ कर दिया है कि इलाके में फर्जी पुलिस बनकर घूम रहे संगठित गिरोह सक्रिय हैं। इस बार शिकार बने एक ईंट-भट्ठा व्यवसायी के बेटे, जिनसे नकली पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा जांच के नाम पर लाखों रुपये के सोने के जेवर ठग लिए।
मठियापार शिव मंदिर के पास वारदात
घटना मठियापार शिव मंदिर के समीप की बताई जा रही है। पीड़ित यूके ईंट भट्ठा के मालिक हरिश्चंद्र प्रसाद मेहता के पुत्र सतेंद्र कुमार वर्मा ने बुनियादगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपनी बाइक से शिमला ईंट भट्ठा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक काफी देर से उनका पीछा करते दिखाई दिए। शुरुआत में सतेंद्र ने इस पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन कुछ दूरी आगे बढ़ते ही दोनों युवकों ने अचानक उनकी बाइक रुकवा दी।
सुरक्षा जांच के नाम पर उतरवाए गहने
दोनों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए बेहद रौबदार अंदाज में पूछताछ शुरू की। उन्होंने हाल के दिनों में बढ़ी छिनतई और अपराध की घटनाओं का हवाला दिया और कहा कि सड़क पर खुलेआम सोने के गहने पहनकर चलना खतरे से खाली नहीं है। इसके बाद 'सुरक्षा जांच' का हवाला देकर सतेंद्र से गले की करीब 32 ग्राम सोने की चेन और हाथ की लगभग 5 ग्राम की अंगूठी उतरवा ली।
चंद सेकंड में जेवर लेकर फरार
पीड़ित के मुताबिक, दोनों युवक पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ बात कर रहे थे, जिससे उन्हें शक तक नहीं हुआ। बातचीत और जांच के दौरान ही बदमाशों ने ऐसा जाल बिछाया कि कुछ ही सेकंड में जेवर गायब कर दिए। जब तक सतेंद्र को ठगी का एहसास हुआ, तब तक दोनों बाइक सवार तेजी से भाग निकले।
लोगों में दहशत का माहौल
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएच-4 पर पिछले कुछ महीनों से संदिग्ध युवकों की गतिविधियां बढ़ी हैं। कई बार राहगीरों को रोककर पूछताछ करने और खुद को पुलिसकर्मी बताने की बातें भी सामने आती रही हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
इस घटना ने हाईवे सुरक्षा और पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े व्यस्त मार्ग पर नकली पुलिस बनकर ठगी की वारदात होना आम लोगों में भय पैदा कर रहा है। खासकर व्यापारियों और ग्रामीण इलाकों से आने-जाने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
इधर, बुनियादगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे कैमरों से बाइक सवार युवकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि देर शाम तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
ये भी पढ़ें:
पैसे दो, नीट पास करो, मेडिकल एंट्रेंस में माफिया का खेल, एडवांस लेकर सेट होते थे सॉल्वर, चार गिरफ्तार
संगठित गिरोह की आशंका, पहले भी वारदात की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह संगठित प्रतीत हो रहा है और पहले से रेकी कर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं यह गिरोह पहले भी जिले में इसी तरह की वारदातों को अंजाम तो नहीं दे चुका है।