उत्पात मचाते हाथी,फसलों का नुकसान
- फोटो : Amar Ujala
Bihar News: बिहार के नवादा जिले में जंगली हाथियों का कहर देखने को मिला। जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। रजौली ब्लॉक की हरदिया पंचायत के सूअरटोली गांव में हाथियों के हमले में 30 वर्षीय सनोज भुइया की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक पर हाथियों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई। इस घटना के चलते पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। हालांकि, इस हमले में हाथियों का निशाना केवल इंसान ही नहीं बल्कि मवेशी भी हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, हमले में तीन भैंसों की मौत भी हुई है। लगातार हो रहे हमलों के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं।
एक युवक और 5 मवेशियों की मौत
इस घटना की पुष्टि करते हुए जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रेष्ठ कृष्ण बताया कि हाथियों के हमले में एक व्यक्ति की जान गई है और कई मवेशियों की भी मौत हुई है। वन विभाग की टीम मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं और सतर्कता बरतें।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: सारण के मंदिर में युवक ने की तोड़फोड़, भगवान की मूर्ति खंडित; जांच में जुटी पुलिस
3 दिन से हाथियों ने मचा रखा है आतंक
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से करीब 20 से 22 हाथियों का झुंड इलाके में आतंक मचा रहा है। यह झुंड झारखंड की सीमा से बिहार में प्रवेश किया है और रात होते ही गांवों में घुस जाता है। हाथी फसलों को बर्बाद कर रहे हैं और कई घरों को भी नुकसान पहुंचा चुके हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने विशेष टीमों को तैनात किया है, जो हाथियों को नियंत्रित करने और उन्हें जंगल की ओर वापस भेजने की कोशिश कर रही हैं। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही हालात पर काबू पा लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल ग्रामीणों को सतर्क रहने की सख्त सलाह दी गई है।