पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के बीच गयाजी जिले के गुरारू थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक राजनीतिक प्रचार वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। यह वाहन हम पार्टी की प्रत्याशी के नाम से प्रचारित बताया जा रहा था। मामले की जांच में पता चला कि वाहन का राजनीतिक पार्टी या प्रत्याशी से कोई वास्तविक संबंध नहीं था, बल्कि शराब माफियाओं ने प्रचार वाहन का रूप देकर शराब की तस्करी की साजिश रची थी।
पुलिस ने दो शराब माफिया को किया गिरफ्तार
इस मामले में गयाजी पुलिस ने दो शराब माफिया साकेत कुमार और राहुल दास को गिरफ्तार किया है, जो गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में यह सामने आया कि दोनों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और ये अद्यतन अवैध शराब कारोबार में सक्रिय थे। टिकारी अनुमंडलीय एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल ने प्रेसवार्ता कर बताया कि इस घटना के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने वाहन के मालिक को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर ही दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी संभव हो पाई।
यह भी पढ़ें- Bihar Election: दो डिप्टी सीएम, लालू के दोनों बेटों की सीटों पर मुकाबला कल, खेसारी-मैथिली का भी भाग्य होगा तय
राजनीतिक पार्टी के पोस्टर का गलत इस्तेमाल कर की जा रही थी तस्करी
जांच में यह तथ्य सामने आया कि वाहन पर इमामगंज की हम पार्टी प्रत्याशी के बैनर-पोस्टर लगाए गए थे, जिससे यह दिखाया जा सके कि वाहन चुनाव प्रचार में उपयोग हो रहा है। हालांकि इमामगंज के रिटर्निंग ऑफिसर से लिखित सूचना प्राप्त करने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि उस वाहन के लिए न कोई चुनावी पास जारी हुआ था और न ही कोई अनुमति दी गई थी। एसडीपीओ चंचल ने बताया कि यह पोस्टर स्थानीय स्तर पर प्रिंट कराए गए थे, जिनका राजनीतिक दल या प्रत्याशी से कोई सीधा संबंध नहीं था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पोस्टर कहां से और किसने छपवाए।
अवैध शराब कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी
गयाजी पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ में अन्य संभावित नेटवर्क और आपूर्ति श्रृंखला के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि आगामी चुनावों को प्रभावित करने के उद्देश्य से इस तरह की गतिविधियों को सख्ती से रोका जाएगा।
यह भी पढ़ें- Bihar Election : वोट देने से रोकने वाले वीडियो पर बोले ललन सिंह- पूरा वीडियो तो सुन लेते, सब समझ में आ जाता