फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: गया जी में शादी के 13 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, बाइक और नकदी की मांग बनी मौत की वजह? जानें

Thu, 14 May 2026 04:07 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया जी

सार

Crime: गया के कोंच थाना क्षेत्र में शादी के 13 दिन बाद नवविवाहिता गीता कुमारी की संदिग्ध मौत हो गई। मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच और गिरफ्तारी अभियान शुरू किया है।
विज्ञापन
मृतका और पति की फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गया जी जिले के कोंच थाना क्षेत्र के मंझिआवा गांव में शादी के महज 13 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी परिवार घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन


गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र स्थित मंझिआवा गांव में नवविवाहिता गीता कुमारी की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं।

मृतका गीता कुमारी परैया थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी शिवा पासवान की बेटी थी। उसकी शादी 30 अप्रैल को मंझिआवा निवासी पुकार पासवान के पुत्र अमित कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। परिवार ने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार नगद, बर्तन और गहने देकर बेटी की विदाई की थी। लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल में विवाद शुरू हो गया।
विज्ञापन


परिजनों के मुताबिक, गीता ने मायके लौटने पर बताया था कि उसका पति अमित शराब के नशे में घर आता है और अपाची बाइक की मांग को लेकर दबाव बनाता है। गाली-गलौज और मारपीट की धमकी भी दी जाती थी। इसके बावजूद समझाकर उसे दोबारा ससुराल भेज दिया गया।

पढे़ं: 60 की उम्र में चढ़ा इश्क का रंग, प्रेमिका संग मंदिर में रचाई शादी; पूरा गांव बना गवाह

मृतका की मामी सुषमा देवी ने आरोप लगाया कि 8 मई को ससुराल से फोन कर दस हजार रुपये नकद और बाइक की मांग की गई। असमर्थता जताने पर गीता को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पति अमित ने मंगलसूत्र खोने की बात कहकर विवाद खड़ा किया और फिर दोबारा पैसों व बाइक की मांग की।

परिजनों ने बताया कि 13 मई की रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि गीता की मौत हो गई है। जब परिवार मंझिआवा गांव पहुंचा तो गीता का शव कमरे में पड़ा मिला। गले और ठुड्डी पर काले निशान थे। आरोप है कि शव को ठिकाने लगाने की तैयारी चल रही थी। गांव वालों ने भी संदेह जताते हुए मदद करने से इनकार कर दिया था।
विज्ञापन


घटना की सूचना पर कोंच थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष सुदेव कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेजा गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जिस घर से 13 दिन पहले गीता की डोली उठी थी, अब वहीं मातम पसरा है। पोस्टमार्टम हाउस में परिजन न्याय की गुहार लगाते हुए फूट-फूट कर रोते नजर आए।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें