11 जून को कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी नाबालिग छात्रा
- फोटो : अमर उजाला
एसआईटी ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज, नियमित रूप से की समीक्षा
एसआईटी ने मामले के खुलासे के लिए विभिन्न जगहों का सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। संभावित घटनास्थलों का निरीक्षण किया। कई लोगों से पूछताछ की। मामले की प्रतिदिन की समीक्षा की। मामले में विधि-विज्ञान प्रयोगशाला, पटना की टीम ने गेस्ट हाउस, इंद्रपुरी बैराज और घटना में प्रयुक्त आल्टो कार के विभिन्न प्रदर्शों का नमूना जांच के लिए लिया। वहीं, टीम ने घटना में प्रयुक्त आल्टो कार को विधिवत जब्त किया। साथ ही शव को ठिकाने लगाने के लिए इंद्रपुरी नहर ले जाने में इस्तेमाल किए गए संभावित मार्ग सहित सभी बिंदुओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक छत्रनील सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर एसआईटी को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
मामले में तकनीकी, वैज्ञानिक व मानवीय साक्ष्यों से मिला अहम सुराग
इसके बाद टीम ने तकनीकी, वैज्ञानिक और मानवीय साक्ष्यों का विश्लेषण तथा संकलन से मिले साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने गेस्ट हाउस के संचालक राकेश कुमार सिंह और उसके भाई धर्मेंद्र कुमार सिंह को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद अपराधियों ने गेस्ट हाउस के कमरे में छात्रा से दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या कर शव को छिपाने की नीयत से आल्टो कार की डिक्की में रखकर इंद्रपुरी नहर में फेंकने की बात स्वीकार की है। स्वीकारोक्ति के बाद पुलिस ने घटना को अंजाम देने में प्रयुक्त आल्टो कार को जब्त कर लिया। साथ ही पुलिस ने दोनों अपराधियों के मोबाइल भी जब्त कर लिए। उन्होंने बताया कि मामले में पूर्व में तीन नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया है।
मामले का पर्दाफाश करने वाली टीम में ये पुलिस अधिकारी रहे शामिल
मामले का पर्दाफाश करने वाली पुलिस की एसआईटी टीम में औरंगाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 संजय कुमार पांडेय, साइबर सेल की पुलिस उपाधीक्षक डॉ. अन्नू कुमारी, नबीनगर के पुलिस निरीक्षक विमल कुमार, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी पुलिस निरीक्षक शंभू कुमार, डीआईयू के पुलिस अवर निरीक्षक राम इकबाल यादव, नबीनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय, औरंगाबाद की महिला थानाध्यक्ष आरती कुमारी, डीआईयू के पुसअनि संतोष कुमार, सिपाही मुन्ना कुमार और डीआईयू के सभी सदस्य शामिल रहे।