औरंगाबाद जिले में पिकअप वैन के धक्के से एक युवक की मौत हो गई। घटना दाउदनगर-बारुण पथ पर चौरम पुल के पास गुरुवार दोपहर बाद घटी है। मृतक की पहचान दाउदनगर थाने के बेलाढ़ी गांव निवासी लखनराम के पुत्र रवींद्र राम (38) के रूप में की गई है। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
बताया जाता है कि रवींद्र राम सेंटरिंग और मकान बनाने का का काम करता था। उसका काम ओबरा थाना के तेजपुरा में चल रहा था। काम के सिलसिले में ही वह तेजपुरा गया था और दोपहर बाद बाइक से वह वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान दाउदनगर-बारूण पथ पर चौरम पुल के पास लगे बैरियर के पास तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उसकी बाइक में पीछे से जोरदार धक्का मार दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। दुर्घटना के बाद पिकअप वैन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल लाया, जहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही दाउदनगर थानाध्यक्ष फहीम आजाद खान, सब इंस्पेक्टर आरती कुमारी, पुलिस पदाधिकारी उदयचंद्र चौधरी सदल बल साथ अनुमंडल अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया है। एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलन किया गया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। वहीं, हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उनके घर में मातम पसरा है।