Bihar Police : बिहार में एक बार फिर एक पुलिसकर्मी की जान चली गई। इस बार भी एक पुलिस लाइन में ही सुसाइड का मामला सामने आया है। एक साल में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। इस बार जहानाबाद में सिपाही ने खुद को गोली मार ली।
बिहार के जहानाबाद जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। जिले की पुलिस लाइन में एक सिपाही ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और पुलिस लाइन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, सिपाही का नाम विनोद चौधरी था, जो गया जिले के परैया थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। वे फिलहाल जहानाबाद कोर्ट में तैनात थे और हाल ही में उनका तबादला रोहतास जिले में किया गया था।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि एक महीने पहले उनकी पत्नी का बीमारी से निधन हो गया था, जिससे वे काफी दुखी और मानसिक तनाव में थे। रविवार को दोपहर में उन्होंने पुलिस लाइन स्थित अपने आवास पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली लगने के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अरविंद प्रताप सिंह और एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है, लेकिन शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव और डिप्रेशन को मुख्य कारण माना जा रहा है। मीडिया को फिलहाल घटनास्थल के आसपास कवरेज की अनुमति नहीं दी गई है।