सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि भी हो गई। चारों आरोपी गिरफ्तार भी किए गए।
- फोटो : अमर उजाला
नवादा में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के भदौनी मुहल्ले के एक सुनसान मकान में चार बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। पीड़िता किसी तरह बदमाशों के चंगुल से निकलकर गोंदापुर टीओपी (पुलिस चौकी) पहुँची और पुलिस को आपबीती सुनाई। उसने बताया कि बदमाशों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया था। इसके बाद वह नगर थाना पहुँची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : बिहार के चार शहरों में आकाशीय आफत से 11 लोगों की मौत, मरने वालों में किशोर महिला और बुजुर्ग शामिल
लखनऊ से लौटने के बाद ई-रिक्शे पर बैठी तो फंसी
शिकायत मिलते ही नगर थाने की महिला पुलिस पदाधिकारी पीड़िता को लेकर सदर अस्पताल पहुंचीं, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दुष्कर्म की पुष्टि की। घटना गोंदापुर टीओपी क्षेत्र की है। पीड़िता रोह थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह इलाज के लिए लखनऊ गई थी और मंगलवार को लौटने के बाद नवादा के सद्भावना चौक पहुंची, जहाँ चार बदमाशों ने उसे झांसा देकर ई-रिक्शा में बैठाया। फिर उसे भदौनी मुहल्ले में पानी टंकी के पास एक सुनसान मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : सीबीआई ने बैंक मैनेजर सहित दो को किया गिरफ्तार, कथित कर्मचारी 16 वर्षों से अवैध रूप से कर रहा था कार्य
मोबाइल लोकेशन के आधार पर एक गिरफ्तार, निशानदेही पर बाकी पकड़ाए
टीओपी प्रभारी ने तत्काल इस घटना की सूचना वरीय पुलिस अधिकारियों को दी। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर तीन अन्य आरोपियों को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया गया। नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान आई सामने, भेजे गए न्यायिक हिरासत में
नवादा एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर एक एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन किया गया। सदर एसडीपीओ हुलास कुमार के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई और नगर थाना पुलिस ने छापेमारी की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रसूल नगर निवासी मुमताज मंसूरी, सुलेमान नगर निवासी मो. समीर, गोंदापुर निवासी मो. अरमान और मो. साबिर शामिल हैं। इन सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।