नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में शुक्रवार को हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय उमेश यादव (पिता कैलाश यादव) के रूप में की गई है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, 11 हजार वोल्ट की बिजली तार गुरुवार देर शाम टूटकर जमीन पर गिर गई थी। इसकी जानकारी बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) को दी गई। सूचना मिलने पर विभाग का बिजली मिस्त्री तो मौके पर पहुंचा, लेकिन तार जोड़ने के बजाय उसने कहा कि वह इस तार को नहीं जोड़ता है और बिना मरम्मत किए ही लौट गया।
मौके पर ही मौत हो गई
यह बिजली विभाग पर घोर लापरवाही- ग्रामीण
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई की जाती तो यह हादसा नहीं होता। मामले की सूचना मिलते ही हिसुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को समझाने-बुझाने के साथ शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया।
हिसुआ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की मौत करंट लगने से होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपों से संबंधित कोई लिखित आवेदन प्राप्त होता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद अध्यक्षा पूजा कुमारी ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की और कहा कि प्रशासन से उचित मुआवजा एवं न्याय दिलाने की दिशा में पहल की जाएगी। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।