सुहागिनों के पर्व हरितालिका तीज पर औरंगाबाद जिले में सोमवार की शाम दर्दनाक हादसे में एक सुहागिन की मौत हो गई। घटना रफीगंज थाना क्षेत्र में मई खुर्द गांव के पास की है। मृतका की पहचान मई खुर्द गांव निवासी लालमोहन यादव की पत्नी प्रतिमा कुमारी (30) के रूप में की गई है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
तीज पर्व को लेकर धावा नदी में स्नान करने गई थी विवाहिता
मिली जानकारी के अनुसार, प्रतिमा कुमारी सोमवार की शाम मई खुर्द गांव के पास धावा नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान नदी में स्नान करते समय उसका पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। साथ में मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
अचेत हालत में नदी से बाहर निकाला गया
हादसे के बाद ग्रामीणों ने नदी में महिला की खोजबीन शुरू की। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद प्रतिमा कुमारी को अचेत हालत में नदी से बाहर निकाला गया। महिला को नदी से निकाले जाने के बाद परिजन उसे जीवित समझकर तत्काल इलाज के लिए रफीगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. लालजी यादव ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गई प्रतिमा
बताया जाता है कि मृतका के पति लालमोहन यादव दूसरे राज्य में रहकर ड्राइवर का काम करते हैं। प्रतिमा कुमारी अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, परिवार की जिम्मेदारी का बड़ा हिस्सा प्रतिमा के ऊपर ही था।
ये भी पढ़ें- बिहार: सेंट्रिंग खोलने के दौरान सेप्टिक टैंक में हादसा, जहरीली गैस से दो मजदूरों की मौत; तीसरे की हालत गंभीर
पोस्टमार्टम कराने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर रफीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। वहीं, अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों से आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी। घटना के बाद मई खुर्द गांव में शोक का माहौल है।