पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव की घोषणा माय बहन मान योजना को लेकर बुधवार को जहानाबाद में छात्र राजद नेता शैलेश कुमार यादव के नेतृत्व में ‘तेजस्वी संदेश रथ’ निकाला गया। रथ को राजद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सांसद सुरेंद्र यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं। उन्होंने घोषणा की है कि अगर उनकी सरकार बनी तो महिलाओं को प्रतिमाह ₹2500 दिए जाएंगे। इसी योजना के प्रचार-प्रसार के लिए यह रथ निकाला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार तेजस्वी यादव की घोषणाओं की नकल कर रही है, लेकिन जल्द ही तेजस्वी यादव ऐसी घोषणाएं करने वाले हैं जिनकी नकल सरकार चाहकर भी नहीं कर पाएगी।
पढे़ं: चाईबासा रिमांड होम से दो बाल कैदी दीवार फांदकर फरार, पुलिस जांच में जुटी
उन्होंने नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि जनता सरकार से नाराज है। हाल के दिनों में कई मंत्री जनता के गुस्से का शिकार हुए हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं और सरकार चलाने के लायक नहीं रह गए हैं।
इस मौके पर छात्र राजद नेता शैलेश कुमार यादव ने कहा कि ‘तेजस्वी संदेश रथ’ जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर लोगों को माय बहन मान योजना के साथ-साथ सरकार की विफलताओं के बारे में भी जानकारी देगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी। कार्यक्रम में राजद नेता संजय यादव, धर्मपाल सिंह यादव, जिला प्रवक्ता डॉ. शशी रंजन उर्फ पप्पू यादव, वकील यादव, बैकुंठ यादव, पप्पू खान, सतीश यादव और छोटू यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।