पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के गया में नक्सली हीरा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में नक्सली सुरेंद्र उर्फ रोशन उर्फ भुरकुंड को गिरफ्तार किया गया है। गया पुलिस ने यह खुलासा मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। टिकारी डीएसपी सुशांत कुमार चंचल ने बताया कि नक्सली सुरेंद्र उर्फ रोशन उर्फ भुरकुंड कोंच थाना क्षेत्र के पाण्डेय पोखर गांव का रहने वाला है।
डीएसपी ने बताया कि नक्सलियों और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार विशेष छापेमारी और सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुप्त सूचना के आधार पर कोंच थानाध्यक्ष शैलेश कुमार और एसटीएफ की टीम ने बोधगया थाना क्षेत्र के गौतम नगर में घेराबंदी कर नक्सली भुरकुंड को गिरफ्तार किया। यह छापेमारी 80 फीट बुद्ध मूर्ति के पास की गई थी।
पढ़ें: एक्स-रे में हड्डी नहीं टूटी, फिर भी कर दिया प्लास्टर; घाव बना तो दोबारा इलाज शुरू...घोर लापरवाही उजागर
मामले की शुरुआत 13 माह पहले हुई थी, जब उपेंद्र यादव ने कोंच थाना में एक आवेदन दिया था। उन्होंने बताया कि उनका भाई हीरा यादव खाना खाने के बाद दलान में सोने जा रहा था, तभी कुछ अज्ञात अपराधकर्मियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे हीरा यादव की मौत हो गई। इस संबंध में कोंच थाना कांड संख्या 256/24 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। आरोपी को पकड़ने के लिए कई बार छापेमारी की गई, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देकर भाग जाता था।
इस बार गुप्त सूचना पर घेराबंदी कर नक्सली भुरकुंड को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए नक्सली की संलिप्तता इस हत्याकांड में पाई गई थी। इससे पहले इस मामले के 6 अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है। डीएसपी ने बताया कि नक्सली भुरकुंड के नाम से परैया थाना में कई मामलों में FIR दर्ज हैं, जिनमें कांड संख्या 81/2005, 2/2006, 49/2010, 147/2016 और 143/2024 शामिल हैं।