गया जी जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित जनकपुर मोहल्ले में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की पहचान निशा कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के पिता श्रवण कुमार ने अपने दामाद अभिषेक कुमार पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद निशा के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। वहीं, मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
शादी के बाद बिगड़े रिश्ते, बढ़ी पैसों की मांग
वायरल वीडियो से खुला मामला
इस मामले में एक चौंकाने वाला वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में आरोपी अभिषेक कुमार को अपनी पत्नी निशा की पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। हैरान करने वाली बात यह है कि यह सब कुछ उनकी दोनों मासूम बेटियों के सामने हो रहा था। वीडियो में बेटियां रोती-बिलखती हुई अपनी मां को बचाने की गुहार लगाती नजर आ रही हैं, लेकिन आरोपी उन पर भी ध्यान नहीं देता।
पति ने दिया खुद को निर्दोष बताने का बयान
इधर, आरोपी अभिषेक कुमार का कहना है कि वह किसी कार्य से पटना गया था। रात में घर वालों ने फोन कर बताया कि उसकी पत्नी निशा ने जहर खा लिया है। उसे जयप्रकाश नारायण अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। मामले में मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति अभिषेक कुमार समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल वह सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके।
परिवार और समाज में गुस्सा
घटना से मृतका के मायके पक्ष में गहरा शोक और आक्रोश है। क्षेत्र में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है और आरोपी को जल्द सजा दिलाने की मांग उठने लगी है।