जहानाबाद में दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी। मार्च महीने में प्रेम विवाह करने वाली 22 वर्षीय रूपा देवी अब कफन में लिपटी मिलीं। परिजनों ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ना और गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना परस बिगहा थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव की है, जहां नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मार्च में हुआ था प्रेम विवाह
मृतका की पहचान बाजितपुर गांव निवासी श्रवण कुमार की 22 वर्षीय पत्नी रूपा देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रूपा और श्रवण ने इसी वर्ष मार्च महीने में प्रेम विवाह किया था। शुरुआती दिनों तक दोनों के बीच सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग शुरू कर दी गई।
जमीन बेचकर दिए पैसे, फिर भी जारी रही प्रताड़ना
मायके वालों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी करने के लिए उन्होंने अपनी तीन कट्ठा जमीन तक बेच दी और ससुराल वालों को पैसे दिए। इसके बावजूद रूपा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
अस्पताल पहुंचने पर मिली बेटी की लाश
परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह श्रवण कुमार ने फोन कर बताया कि रूपा की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो रूपा देवी मृत अवस्था में मिलीं। परिजनों का कहना है कि रूपा के गले पर दबाव के स्पष्ट निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई।
पति पर हत्या का आरोप, अस्पताल से हुआ फरार
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचते ही आरोपी पति वहां से फरार हो गया। वहीं, सदर अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि महिला को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर के अनुसार महिला के गले पर सुसाइडल टाइप का निशान पाया गया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार पति की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
ये भी पढ़ें:
RJD के मुस्लिम MLC ने खेला बड़ा दांव! गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने की उठाई मांग, प्रधानमंत्री को लिखा खत
प्रेम विवाह के दो महीने बाद मौत ने खड़े किए सवाल
प्रेम विवाह के कुछ ही महीनों बाद रूपा की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर दहेज की आग में कब तक बेटियों की जिंदगी जलती रहेगी? अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।