फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: बालू के अवैध खनन को लेकर खूनी संघर्ष, दिनदहाड़े 20 राउंड फायरिंग, छह लोग गोली लगने से घायल

Sat, 04 Jul 2026 05:18 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जहानाबाद

सार

बिहार के जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन को लेकर दो पक्षों के बीच दिनदहाड़े करीब 20 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें छह लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है।
विज्ञापन
जहानाबाद में दिनदहाड़े गैंगवार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के जहानाबाद जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला घोसी थाना क्षेत्र का है, जहां शनिवार को दिनदहाड़े अवैध बालू खनन को लेकर दो पक्षों के बीच करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। इस खूनी संघर्ष में छह लोग गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

दो गांवों के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप

जानकारी के अनुसार, यह घटना घोसी थाना क्षेत्र के चैतीपीपर और गिजी गांव के लोगों के बीच हुई। फायरिंग में एक पक्ष के पांच और दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया। सभी घायलों को पहले घोसी पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

छह लोगों को लगी गोली, एक की हालत गंभीर

घायलों में धीरज कुमार के सीने में गोली लगी है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है। इसके अलावा चैतीपीपर गांव के दिनेश राम के पैर में, अजय राम के पेट में, सुधीर राम के पैर में और विजय राम को भी गोली लगी है। वहीं गिजी गांव के विष्णु कुमार भी इस घटना में घायल हुए हैं।

बालू खनन को लेकर महीनों से चल रहा था विवाद

बताया जा रहा है कि जहानाबाद में चार वर्ष पहले ही बालू खनन पर रोक लगा दी गई थी। इसके बावजूद चैतीपीपर और गिजी गांव के लोग कथित रूप से अवैध बालू खनन कर उसकी बिक्री कर रहे थे। दोनों गांवों के बीच बालू खनन के लिए क्षेत्र तय करने को लेकर कई महीनों से विवाद चल रहा था। शनिवार को इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष और फायरिंग में बदल गई।

घायलों और ग्रामीणों ने बताई घटना की आपबीती

घायल अजय कुमार ने बताया कि वह अपने दरवाजे पर बैठे थे। तभी अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। जैसे ही वह घर से बाहर निकले, उन्हें गोली लग गई। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही फायरिंग की आवाज सुनकर पहले लगा कि कोई पटाखे फोड़ रहा है। गांव की रूबी देवी ने बताया कि अचानक 20 से 25 लोग पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आवाज सुनकर वह बाहर निकलीं तो गोली उनके सिर को छूते हुए निकल गई। उनके शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य बाहर आए, जिन्हें भी गोली लग गई।

ये भी पढ़ें-  Bankipur Vidhan Sabha: 7717 और 98299 का अंतर पाट सकेंगे प्रशांत किशोर? राजद से पार पाना भी होगा चुनौती

पुलिस जांच में जुटी, दोषियों पर होगी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

एसडीपीओ कृति कमल ने बताया कि बालू उठाव को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग हुई, जिसमें छह लोगों को गोली लगने की सूचना है। घटनास्थल पर पुलिस अधिकारी पहुंच चुके हैं और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी नामजद या अज्ञात व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें