बिहार के नवादा में पुलिस कस्टडी में 16 वर्षीय युवक की मौत के बाद हंगामा मच गया है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगया है। पुलिस मामले की जांच में जट गई है। पढ़ें पूरी खबर।
बिहार के नवादा जिले में गुरुवार सुबह एक किशोर की पुलिस कस्टडी में मौत के बाद माहौल बेकाबू हो गया। काशीचक थाना परिसर में 16 वर्षीय सन्नी कुमार का शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मृतक सन्नी बौरी गांव का रहने वाला था और उस पर गांव की ही एक युवती को भगाने का आरोप था।
विज्ञापन
युवक की सुबह सात बजे मौत हो गई थी
घटना के मुताबिक, सन्नी कुमार और गीता (बदला हुआ नाम) के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। एक सप्ताह पहले दोनों घर से भाग गए थे। युवती का भाई बिहार पुलिस में सिपाही है और उसने सन्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसी क्रम में बुधवार शाम करीब 7 बजे पुलिस सन्नी को हिरासत में लेकर काशीचक थाना लाई थी। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे थाना परिसर में ही उसकी मौत हो गई।
गर्दन पर रस्सी के निशान मिले
मृतक के शरीर की प्रारंभिक जांच में उसकी गर्दन पर रस्सी के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या करार देते हुए पुलिस और लड़की के परिवार पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सन्नी पर अत्याचार किया गया और उसकी हत्या कर उसे आत्महत्या जैसा स्वरूप देने की कोशिश की गई। जैसे ही मौत की खबर फैली, भीड़ उग्र हो गई और लोगों ने पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। आपातकालीन सेवा 112 की वाहन के टायर की हवा भी निकाल दी गई।
विज्ञापन
CCTV फुटेज की जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन सक्रिय हो गया है। पाकरीबरावां एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर ने बताया कि नाबालिग की मौत थाना परिसर में हुई है और इसकी जांच के लिए CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारी के अनुसार, सन्नी पर प्रेम प्रसंग को लेकर मामला दर्ज था और इसी सिलसिले में उसे थाने लाया गया था।
ग्रामीणों में आक्रोश
कस्टडी में मौत का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल परिवार और ग्रामीण न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।