Bihar: प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिहार में पिछले 20 वर्षों से एनडीए की सरकार है, लेकिन आज भी शिक्षित युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं और मजबूरी में पलायन कर रहे हैं।
बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जहानाबाद रेलवे स्टेशन से लेकर जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र कार्यालय तक मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिहार में पिछले 20 वर्षों से एनडीए की सरकार है, लेकिन आज भी शिक्षित युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं और मजबूरी में पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में लगभग पांच लाख युवाओं को नौकरी दी गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार केवल आश्वासन देकर युवाओं को गुमराह कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि राज्य सरकार सभी विभागों में रिक्त पड़े पदों को जल्द से जल्द भरे, ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफे की भी मांग की।