घटनास्थल पर शव रखकर स्थानीय लोगों ने लगाया जाम
- फोटो : अमर उजाला
औरंगाबाद जिले के हसपुरा प्रखंड में मंगलवार को पचरुखिया-गया पथ पर कोइलवां मोड़ के पास एक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रफीगंज प्रखंड के सिमरा गांव निवासी रामस्वरूप वर्मा के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामस्वरूप वर्मा अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल पर कोइलवां की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कोइलवां मोड़ से पचरुखिया की ओर मुड़ी, देवहरा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद रामस्वरूप वर्मा बाइक से गिर गए और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद, आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रामस्वरूप वर्मा के शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर हसपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने के लिए लोगों को समझाने के प्रयास में जुट गई। वहीं, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का अभाव है, जिससे ऐसी दुर्घटनाएं बार-बार हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।