जहानाबाद जिला मुख्यालय से होकर गुजरने वाली दरधा नदी में शुक्रवार को एक मजदूर की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान जाफरगंज मोहल्ला निवासी मो. गुलाब के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मो. गुलाब सुबह शौच के लिए नदी किनारे गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। स्थानीय लोग उसे बचाने दौड़े, लेकिन तब तक वह पानी में डूब चुका था। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने नदी से उसका शव बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: महाबोधि मंदिर के दर्शन करने पहुंचे उप चुनाव आयुक्त, पवित्र बोधि वृक्ष के समक्ष पूजा-अर्चना की
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और मोहल्लेवासी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासन से गोताखोर बुलाने की मांग की, लेकिन समय पर मदद नहीं मिली। अंततः ग्रामीणों ने ही प्रयास कर शव को नदी से बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन की देरी को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।