औरंगाबाद शहर में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही चेन स्नैचिंग और छिनतई की घटनाओं से एक्शन में आई पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का उद्भेदन किया है। मामले में पुलिस ने चेन स्नैचिंग और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय कोढ़ा गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
सात वारदातों के बाद पुलिस का एक्शन
पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र में हाल-फिलहाल कुल सात चेन स्नैचिंग की घटनाएं घटी थीं। चेन स्नैचिंग की इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम गठित की थी। टीम को चेन स्नैचिंग के सभी मामलों का उद्भेदन, अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं छीनी गई चेन की बरामदगी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मामले में सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण एवं आसूचना संकलन के आधार पर एसआईटी टीम इस निष्कर्ष पर पहुंची कि इन सभी घटनाओं को एक ही गिरोह द्वारा अंजाम दिया गया है।
एसआईटी ने कोढ़ा गिरोह के दो अपराधियों को दबोचा
चेन स्नैचिंग के इरादे से फिर औरंगाबाद आए थे अपराधी
गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस के समक्ष यह भी स्वीकार किया कि रविवार, 20 सितंबर को वे लोग चेन स्नैचिंग एवं रुपयों की छिनतई करने के इरादे से ही पुनः औरंगाबाद आए थे। इसी दौरान औरंगाबाद पुलिस ने दोनों को 01 पिस्टल, 02 जिंदा कारतूस, मास्टर चाबी एवं चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि औरंगाबाद पुलिस ने पूर्व में भी नगर थाना क्षेत्र में छिनतई मामले में 04 चेन गिरफ्तार अपराधियों के घर से बरामद की थी। कहा कि इस गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी से औरंगाबाद शहर में चेन छिनतई की घटनाओं में कमी आएगी।
इन अपराधियों की हुई गिरफ्तारी
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नया टोला जुराबगंज निवासी नयन्शु उर्फ अभय कुमार एवं हैरन कुमार शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मास्टर चाबी, एक रिंच, चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल बरामद किया है।
गिरफ्तार अपराधियों का लंबा-चौड़ा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ औरंगाबाद जिले में औरंगाबाद नगर थाना कांड सं.-515/26, 525/26, 557/26, 480/26, 485/26, 494/26 एवं 414/26 दर्ज हैं। इनके खिलाफ दर्ज ये सभी मामले बीएनएस की धारा-304 (2) के तहत दर्ज हैं।
इसके अलावा, इनके खिलाफ रोहतास जिले के नासरीगंज, कोचस, आयरकोठा, सासाराम नगर एवं बिक्रमगंज थानों में मिलाकर कुल 8 मामले दर्ज हैं। साथ ही, मुंगेर जिले में दर्ज कुछ मामलों में ये जेल भी जा चुके हैं। इन पर मुंगेर जिले में मुफस्सिल थाना, मुंगेर ईस्ट कॉलोनी थाना एवं मुंगेर कोतवाली थाना में कुल मिलाकर तीन मामले दर्ज हैं। वहीं, वैशाली जिले के कुछ मामलों में भी ये जेल जा चुके हैं।
इन पर वैशाली जिले में हाजीपुर, भगवानपुर थाना के अलावा मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना में 6, मिठनपुरा थाना में 8, काजी मोहम्मदपुर थाना में 5, अहियापुर थाना में 19, सरैया थाना में 2, भोजपुर जिले के आरा नवादा थाना में 4, उदवंतनगर थाना में एक तथा किशनगंज जिले के किशनगंज नगर थाना में दो मामले दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार: आधी रात कमरे में लगी आग, जली मिली 60 वर्षीय महिला की लाश; नशेड़ी कलयुगी बेटे पर हत्या का आरोप
इस प्रकार बिहार के विभिन्न जिलों के विभिन्न थानों को मिलाकर इन पर कुल 70 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, इन पर पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश, झारखंड, बंगाल, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के थानों में भी मामले दर्ज हैं, जिसका पुलिस पता लगा रही है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अपराधियों से पुलिस को अहम जानकारियां हाथ लगी हैं, जिसके आधार पर गिरोह के पूरे नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में पुलिस को और बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है।
पुलिस के गिरफ्त में अपराधी