बिहार विधानसभा चुनावी हलचल के बीच पक्ष और विपक्षी दलों का बयानबाजी अपने चरम पर है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को गया बीजेपी कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह सौभाग्य प्राप्त है कि हम उस पार्टी भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं, जो विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि 1951 में गठित जनसंघ से लेकर 1980 में गठित भाजपा का आज तक कुल 74 साल के सफर में इस वटवृक्ष को बनाने में हजारों लाखों कार्यकर्ताओं का खून पसीना लगा हुआ है। यादव ने आगे कहा कि जनसंघ और भाजपा ने अपने 74 साल के राजनीतिक सफर में नेशन फर्स्ट की नीति को सर्वोपरि स्थान दिया। अपने मूल सिद्धांतों को कभी छोड़ा नहीं, बल्कि पूरा किया है।
‘भाजपा ने कभी भी वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति नहीं की’
रामकृपाल यादव ने दावा कर कहा कि भाजपा ने कभी सांप्रदायिक आधार पर वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति कभी नहीं की, बल्कि संतुष्टिकरण की राजनीति की। यानी सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास। भाजपा ने हमेशा वंशवाद, परिवारवाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद और भाषावाद की अलगाववाद राजनीति का पुरजोर विरोध किया है।
यह भी पढ़ें- GDS 2025 : ट्रेनी आईएएस अधिकारियों को किया गया जिला आवंटित, राजधानी पटना और बेगूसराय सहित जानिए कहां जाएंगे
‘राहुल गांधी और लालू यादव की राजनीति परिवारवाद पर निर्भर’
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी की कांग्रेस और लालू यादव की राजद की राजनीति वंशवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण पर आधारित है। आज मोदी सरकार की सभी गरीब कल्याण और किसान कल्याण योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, पांच लाख का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा योजना, किसान सम्मान निधि, हर घर जल योजना, मुफ्त राशन योजना, उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना, हर घर बिजली योजना, पेंशन योजना, कौशल विकास, लखपति दीदी और विश्वकर्मा योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ देश के सभी गरीब नागरिकों को मिल रहा है। चाहे वो किसी भी जाति, धर्म, वर्ग और क्षेत्र के हैं। हमने कोई विभेद नहीं किया है। ये सभी योजनाएं दीन दयाल जी के अंत्योदय की संकल्पना पर देश के गरीबों को समर्पित हैं।
उन्होंने आरोप लगाते हुए आगे कहा कि जिनकी दादी ने देश में आपातकाल लगा कर संविधान को निरस्त कर दिया था। उनके पोता-पोती अपने पॉकेट में संविधान लेकर घूम रहे हैं और नाटक कर रहे हैं। एक ही पार्टी और परिवार के जिन लोगों ने संविधान निर्माता बाबा साहब आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान का शपथ लेकर पीएम बने, उन्हीं को भारत रत्न नहीं दिया और अपने पूरे खानदान को भारत रत्न दे दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहब की हर निशानी को पांच तीर्थ के रूप में विकसित किया।
‘2047 तक विकसित भारत का है मिशन’
रामकृपाल यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी ने ‘जय जवान जय किसान’ का नारा दिया था। भारत रत्न श्रद्धेय अटल जी ने उस नारे को ‘जय जवान, जय किसान और जय विज्ञान’ किया। और 2047 तक विकसित भारत का मिशन लेकर आगे बढ़ रहे प्रधानमंत्री मोदी ने उस नारे को ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान’ कर दिया, क्योंकि आज के बदलते विश्व की राजनीति और व्यापार में जब तक हमारे देश के युवा अनुसंधान के क्षेत्र में आगे नहीं बढ़ेंगे तब तक भारत विश्व में आगे नहीं बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि आज हमारी मोदी सरकार देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मेक इन इंडिया को आगे बढ़ा रही है। पहले हम देश की सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए दूसरे देश पर निर्भर रहते थे। आज 70 प्रतिशत से अधिक रक्षा उत्पादन स्वदेशी हो रहा है। अब तो हम रक्षा उत्पाद निर्यात भी करने लगे हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar: तालाब से अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, तीन दिन पहले BCA छात्र की मिली थी लाश; हत्या या आत्महत्या?
‘यह है नया भारत’
उन्होंने कहा कि आज अपनी देश की सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए काफी खर्च कर रहे हैं। यह नया भारत है। न किसी को झुकाता है और न ही किसी के आगे झुकता है। आंख में आंख मिलाकर बात करता है। दुश्मन अगर हिमाकत करता है तो घर में घुस कर मारता भी है। उन्होंने दावा कर कहा कि हमने देश हित में इतिहास की गलतियों को सुधारा है। 500 साल बाद अयोध्या में प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर बना है। तीन तलाक को हटाकर मुस्लिम मां बहनों को सम्मान दिया है। 370 हटाकर जम्मू कश्मीर से आतंकवाद का खात्मा किया और देश के सभी कानून लागू किए। नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाकर महिलाओं को विधान सभा और लोकसभा में एक तिहाई सीट आरक्षित करने का रास्ता साफ किया है।
‘भू-माफियाओं पर नकेल कसने के लिए है वक्फ कानून’
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक 2025 यानी उम्मीद को पास कर वक्फ संपत्तियों पर से भू माफियों को नकेल कसकर पसमांदा मुसलमान और महिलाओं के विकास का रास्ता खोला है। मोदी सरकार ने देश की राजनीति की दशा और दिशा बदल दिया है। जनता की जितनी भी मूल समस्याएं जैसे रोटी, कपड़ा, मकान, बिजली, पानी, दवाई, सिंचाई, किसानी, पढ़ाई, रोजगार, नक्सलवाद और आतंकवाद आदि को या तो दूर कर दिया है या दूर होने के कगार पर है। विपक्ष अब इन मुद्दों पर बात नहीं करता है। चुनावी राजनीति में इन मुद्दों पर विपक्ष का कोई नेता नहीं बोलता है।
यह भी पढ़ें- Bihar News : मैंने मदद नहीं की होती तो नीतीश कुमार अब तक... प्रशांत किशोर ने अपनी रैली में किया बड़ा दावा, बताई योजना
‘विपक्ष लोगों को भड़काने का कर रहा काम’
उन्होंने कहा कि आज कल तो विपक्ष का नेता देश का हो या राज्य का सभी लोग जाति और धर्म के नाम पर ही लोगों को भड़काते रहते हैं। राहुल गांधी और लालू यादव महागठबंधन की राजनीति है सिर्फ दलित, ओबीसी, ईबीसी और मुसलमानों को डराना। एनडीए गठबंधन की राजनीति है दलित, ओबीसी, ईबीसी और मुसलमानों में विश्वास पैदा करता है। हम इन वर्गों में उनके और उनके परिवार की आर्थिक उन्नति के लिए प्रेरित करते हैं। उन गरीब वर्गों में यह विश्वास पैदा कर रहे हैं कि आप बढ़ोगे तो देश बढ़ेगा। उनकी क्षमता को बढ़ाने के लिए लगातार नए-नए अवसर दे रहे हैं। लेकिन महागठबंधन के लोग उनको कभी संविधान के नाम पर, तो कभी धर्म के नाम पर तो कभी जाति के नाम डराकर उनके विकास और देश के विकास को रोकना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आधुनिक और इनोवेटिव भारत का युवा रोजगार और रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर लगा हुआ है। इसी कारण जन द्रोही राजनीति करने वाले विपक्षी हर चुनाव हार रहे हैं। अगला दशक बिहार के नौजवानों का है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की डबल इंजन सरकार बिहार को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बिहार में घर से निकलते ही विकास का अनुभव होने लगेगा।