नवरात्रि के अवसर पर गया जी के गुरुआ बाजार में श्रद्धा और भक्ति का माहौल है। जगह-जगह मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं और पूरा इलाका मां के जयकारों से गूंज रहा है। इस बीच मंगलवार को बाजार के समीप एक पूजा पंडाल के बाहर असामाजिक तत्वों ने मांस का टुकड़ा फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
मांस का टुकड़ा देख स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलते ही गुरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद सड़क जाम हटवाया गया।
पढ़ें: सीवान सदर अस्पताल में हंगामा, घायल के परिजनों ने आपात कक्ष के डॉक्टर को पीटा; सेवाएं ठप
इस मामले में गया एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि पंडाल के बाहर मांस का टुकड़ा मिलने की घटना से लोगों में नाराजगी थी। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
उन्होंने कहा कि पूजा में व्यवधान उत्पन्न करने या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले संदेशों की निगरानी के लिए साइबर सेल और आईटी सेल को सक्रिय किया गया है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।