Bihar: स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण हुआ है, तभी से पैदल यात्रियों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही है। आरओबी पर सीढ़ी नहीं होने की वजह से लोग ट्रैक पार करने को मजबूर होते हैं। इसी कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
औरंगाबाद जिले में ट्रेन की चपेट में आने से एक किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना गुरुवार की देर शाम पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत डिहरी-गया रेलखंड पर रफीगंज रेलवे स्टेशन के पोल संख्या 506/7 और 9 के बीच घटी। मृतका की उम्र लगभग 16 वर्ष बताई जा रही है। हादसे के वक्त वह उजाले व नीले रंग का टॉप और काले रंग की लेगिंग्स पहनी हुई थी। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
घटना की जानकारी मिलते ही रफीगंज रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एएसआई अविनाश कुमार और आरक्षी अनिल यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने पंचनामा और अन्य कागजी कार्रवाई शुरू की। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण हुआ है, तभी से पैदल यात्रियों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही है। आरओबी पर सीढ़ी नहीं होने की वजह से लोग ट्रैक पार करने को मजबूर होते हैं। इसी कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
आरपीएफ एएसआई अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की सूचना राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) सोननगर को दे दी गई है। जीआरपी मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजेगी। किशोरी की पहचान के प्रयास जारी हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के बाद 72 घंटे तक पहचान के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बावजूद शिनाख्त नहीं होने पर रेल पुलिस द्वारा नियम अनुसार अंतिम संस्कार कराया जाएगा।