शव का पोस्टमार्टम कराने अस्पताल पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
औरंगाबाद में शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 55 वर्षीय होटल व्यवसायी बलराम सिंह की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार मो. इमरोज गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा औरंगाबाद-भदवा रोड पर सच्चिदानंद सिंहा कॉलेज के पास हुआ, जहां बलराम सिंह सड़क पार कर रहे थे। बलराम सिंह औरंगाबाद मुफ्फसिल थानाक्षेत्र के नौगढ़-महुआरी के निवासी थे। वह पिछले 10-15 वर्षों से अपने भाई उमेश कुमार के साथ होटल का व्यवसाय चला रहे थे।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बलराम सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल बाइक सवार इमरोज, जो शहर के अंसारबाग मुहल्ले का निवासी है, को प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया रेफर किया गया।
पुलिस ने हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने बताया कि बलराम सिंह अपनी पत्नी के निधन के बाद से अपने भाई उमेश के साथ होटल चलाते थे। उनकी पत्नी बसंती देवी का निधन करीब 15 साल पहले ही हो चुका था। इस घटना के बाद उनके परिवार में मातम का माहौल है और परिजन शोक में डूबे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक की रफ्तार बेहद तेज थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हादसे में बलराम सिंह के असामयिक निधन से पूरे मोहल्ले और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों में शोक का माहौल है।