औरंगाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-120 पर दाउदनगर-गया मुख्य पथ के हसपुरा थाना क्षेत्र में सिहाड़ी गांव के पास रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में एक अधेड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान रामनगर गांव निवासी बंगाली राम (58) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में किशोर साव (68), चंद्रदेव राम (70), कृष्णा साव समेत अन्य लोग शामिल हैं।
धनबट्टी कर लौट रहे थे घर, अचानक हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रामनगर गांव के संतोषी साव की पुत्री की शादी के लिए धनबट्टी करने के बाद सभी लोग ऑटो से दाउदनगर प्रखंड के रपुरा गांव से लौट रहे थे। रास्ते में सिहाड़ी गांव के पुरानी बाजार के पास गोह से दाउदनगर की ओर जा रही अनियंत्रित कार ने सामने से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे बंगाली राम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच कार चालक मौके का फायदा उठाकर गाड़ी समेत फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ।
सड़क जाम कर लोगों ने की मुआवजे की मांग
हादसे में अधेड़ की मौत से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। जाम की सूचना मिलते ही हसपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन गुस्साए लोग मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस प्रशासन ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, तब जाकर प्रदर्शनकारी शांत हुए और जाम हटाया गया।
पुलिस ने जब्त किया दुर्घटनाग्रस्त ऑटो
जाम हटने के बाद हसपुरा थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। हसपुरा थानाध्यक्ष नरोत्तम ने बताया कि कार और ऑटो की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि अन्य घायल हैं। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हसपुरा में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, बंगाली राम की मौत के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। जबकि हादसे में घायल अन्य लोगों के परिवार भी अपने प्रियजनों की हालत को लेकर चिंतित हैं।