औरंगाबाद में एक मेडिकल प्रैक्टिसनर की हत्या कर शव को नहर के किनारे फेंके जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने ग्रामीण चिकित्सक के शव को बारूण थाना क्षेत्र में खैरा से आगे सोन नहर के किनारे से बरामद किया है। मृतक की पहचान मेडिकल प्रैक्टिसनर अनिल सिंह के रूप में की गई। मृतक रोहतास जिले के सासाराम के मोरसराय मुहल्ले का निवासी था और वह ओबरा में प्रैक्टिस करता था। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल ले गई। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, अनिल सिंह प्रैक्टिस करने के बाद अपने घर सासाराम जा रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें अगवा कर कही अन्यत्र हत्या कर दी, शव को नहर किनारे लाकर फेंक दिया। हालांकि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका जता रही है।
औरंगाबाद के सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-1 संजय पांडेय ने बताया कि बारूण थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को सूचना मिली थी कि खैरा गांव से आगे सोन नहर के पटना कैनाल के किनारे एक लाश पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव के कपड़े से मिले कागजातों के आधार पर मृतक की पहचान सासाराम के मोरसराय निवासी मेडिकल प्रैक्टिसनर अनिल सिंह (50) के रुप में की गई। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाई है।
एसडीपीओ ने बताया कि पारिवारिक विवाद में मेडिकल प्रैक्टिसनर की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले में भादंवि की सुसंगत धाराओं के तहत बारूण थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।