बिहार में ठंड से लोगों का हाल बेहाल है। कई जिलों में रोज सुबह-सुबह घना कोहरा देखने को मिल रहा है। रविवार रात में गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, पटना समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई। इससे कनकनी काफी बढ़ गई। ऐसे में केवल पटना, सीवान और समस्तीपुर छोड़कर लगभग सभी प्रमुख शहरों में बच्चों के लिए स्कूल खोल दिए गए हैं। आज सुबह कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजा तो कई ने घर में रहकर पढ़ने की बात कही। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या केवल पटना, सीवान और समस्तीपुर को छोड़कर अन्य 35 जिलों में ठंड नहीं पड़ रही है? क्या अन्य जिलों के हुक्मरानों को बच्चों की सेहत की कोई परवाह नहीं है? मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, बेतिया, मोतिहारी समेत कई जिलों के अभिभावकों ने एक स्वर में कहा कि ठंड में बच्चों को स्कूल भेजना सेहत के लिए काफी खतरनाक हो सकता है। जिला प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेनी चाहिए और ठंड को देखते हुए स्कूल को बंद कर देना चाहिए।
आइए जानते हैं बिहार के अलग-अलग जिलों के मौसम के बारे में...
मौसम विभाग ने रविवार रात को पटना, गोपालगंज, सारण, समस्तीपुर, वैशाली, भोजपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर में बारिश के आसार जताए थे। मौसम विभाग ने इन जिलों में यलो अलर्ट भी जारी किया था। पटना समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई तो कनकनी काफी बढ़ गई और पारा भी गिर गया। सोमवार सुबह ठिठुरन से लोग परेशान हो गए। सुबह से ही पटना समेत कई जिलों में ठंडी हवा चल रही है। मौसम विभाग ने आज भी कुछ जिलों में हल्की बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं 17 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक की मानें तो एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिमी भारत को 14 जनवरी तक प्रभावित कर सकता है। इससे मौसम में बदलाव की संभावना है। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा ठंड पश्चिम चंपारण में पड़ी। यहां का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना में स्कूल 15 जनवरी तक बंद
पटना में स्कूलों को लेकर फैसला हो गया है। फिलहाल तीन दिनों के लिए ठंड के कारण छुट्टी बढ़ाने का फैसला हो गया है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने 'अमर उजाला' के सवाल पर कहा कि अवकाश का जो आदेश पहले से था, उसे 13, 14 और 15 जनवरी के लिए लागू किया जा रहा है। मतलब, आठवीं तक की कक्षाएं 15 जनवरी तक के लिए बंद रहेंगी। नवीं और दसवीं के छात्र-छात्राओं के लिए स्कूलों का परिचालन पहले बताए गए समय के हिसाब से होता रहेगा।
सीवान में 15 जनवरी तक स्कूल बंद
सीवान में भी स्कूल 13, 14 और 15 जनवरी तक बंद रहेंगे। जिलाधिकारी की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। जिले के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों (प्री स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र सहित) में आठवीं तक की कक्षाएं 15 जनवरी बंद रहेंगी, जबकि कक्षा नौ और इससे ऊपर पठन-पाठन का काम सुबह नौ बजे के बाद और अपराह्न साढ़े तीन बजे के पहले तक ही किया जा सकेगा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आदेश जारी करते हुए कहा कि इस आदेश के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों को पुनर्निर्धारित करें। वहीं प्री बोर्ड या बोर्ड की परीक्षा के लिए संचालित किए जाने वाली विशेष कक्षाओं या परीक्षाओं का संचालन इससे मुक्त रहेगा।
समस्तीपुर में 14 तक बंद किया गया स्कूल
समस्तीपुर जिले मे अधिक ठंड को देखते हुए 14 जनवरी तक वर्ग एक से आठवीं तक के सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों को बंद कर दिया गया है। जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने यह आदेश जारी किया है कि आंगनबाड़ी विद्यालयों के साथ सभी तरह के प्राइवेट, प्ले स्कूल और सरकारी मध्य विद्यालयों में छात्रों के लिए पढ़ाई बंद रहेगी। आठवीं तक की कक्षाएं नहीं चलाई जाएंगी।
इन जिलों में अब तक बंद का आदेश नहीं
मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, रोहतास, पूर्णिया, वैशाली, सारण, गोपालगंज समेत कुछ जिलों में 11 जनवरी तक स्कूल बंद के आदेश जारी किए गए थे। 12 जनवरी को यानी आज लोगों को उम्मीद थी कि बढ़ते ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से स्कूल बंद किए जाएंगे। लेकिन, समाचार लिखे जाने तक कहीं भी आदेश जारी नहीं किया गया है।
बेतिया में नहीं बंद होंगे स्कूल, डीएम ने बताया
बेतिया के जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय सोमवार से विद्यालय का संचालन पूर्व के निर्धारित समय से किया जाएगा। मौसम में सुधार हो गया है। अवकाश मे किसी तरह का बदलाव नहीं होगा।
सहरसा में स्कूल निर्धारित समय पर ही खुलेगी
सहरसा के सभी स्कूलों में पठन-पाठन का कार्य पहले की तरह ही होगा। जिला पदाधिकारी वैभव चौधरी ने बताया कि मौसम में सुधार होने ओर धूप निकलने के कारण स्कूलों में अवकाश पूर्व के आदेश यानी 12 जनवरी तक ही बंद रहेगा। सोमवार से सभी स्कूल अपनी निर्धारित समय पर खुलेगी। उन्होंने कहा कि आगे यदि मौसम का मिजाज बदलेगा तो आदेश निकाला जाएगा।
दरभंगा में 13 जनवरी से स्कूल खोलने का आदेश
दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रौशन के निर्देश दिया है कि मौसम में बदलाव हुआ है। 13 जनवरी से पूर्व की भांति सभी सरकारी और निजी विद्यालय खुल जाएंगे।
सारण में सोमवार से खुलेंगे विद्यालय
सारण जिले में सोमवार से स्कूलों में पूर्व निर्धारित समय (सुबह के 9 बजे से) के अनुसार ही शैक्षणिक गतिविधियां संचालित होगी।