लगातार घर लौटने की अटकलों को बीच अभी तक बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव घर नहीं लौटे हैं। राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष तथा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव करीब दस दिन से कान्हा की नगरी मथुरा में हैं। जबसे तेज ने पत्नी ऐश्वर्या से तलाक की अर्जी दाखिल की है तभी से वो उत्तर प्रदेश में डेरा डाले हुए हैं।
बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे तेज प्रताप यादव का मन मथुरा में रम गया है। वह रोज यहां की गलियों में राधे-राधे कहते-कहते विचरण करते फिरते हैं। ब्रज में तेज राजनीति से दूर भगवान की श्रद्धा में लगे हुए हैं। वो लगातार वहां के मंदिरों में जा रहे हैं और पूज अर्चना कर रहे हैं। गुरुवार को भी तेज प्रताप को यहां ब्रज के मंदिरों में देखा गया।
इस दौरान तेज ने प्रवचन सुनने के साथ सत्संग में भी हिस्सा लिया। कल तेज प्रताप रात में दर्शन करने मंदिर में शॉल ओढ़कर पहुंचे। तेज प्रताप कभी राधा रानी मंदिर में दर्शन करने पहुंचते हैं तो कभी ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा में घूमते हुए नजर आते हैं। तेज प्रताप यादव ने घर और मीडिया से दूरी बनाकर रख रखी है।
बता दें कि दिवाली के मौके पर भी तेज प्रताप घर से दूर रहे और विंध्याचल में परिवार की शांति के लिए यज्ञ कराया था। तलाक की अर्जी दाखिल करने के बाद से ही तेज मथुरा और वृंदावन की गलियों में घूम रहे हैं।