जमुई कोर्ट में मंगलवार को पेशी के लिए लाए गए पांच कैदी कोर्ट के लॉकअप की दीवार में सुराख बना फरार हो गए। इस घटना के बाद पुलिस पर तमाम सवाल उठ खड़े हुए हैं।
अंग्रेजी अखबार TOI के मुताबिक जो कैदी भागे हैं उन सभी को अलग अलग मामलों में पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था लेकिन उन्होंने लॉकअप की दीवार में बड़ा सुराख किया और वहां से भाग निकले।
पुलिस ने बताया कि जमुई जेल से कोर्ट में पेशी के लिए कैदियों को लाया गया था। कोर्ट परिसर में बने लॉकअप में 10 कैदियों को रखा गया था। कैदियों ने सेल के बाथरूम के दीवार में छेद बनाया और इसमें से पांच कैदी फरार हो गए।
जमुई एसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि भागने वाले कैदियों में रमेश हेम्ब्रम, टनटन मिश्रा, उमा पासवान, जयराम यादव, पिंटू राय शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस इनकी तलाश में जुट गई है।
उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद लॉकअप की सुरक्षा में तैनात बिहार पुलिस के 12 जवानों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए जिले भर के सभी थानों को अलर्ट जारी कर दिया गया है।