बिहार में पांच लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने गया से दो लोगों और नवादा से तीन लोगों के शव बरामद किए हैं। गया में पुलिस ने दो युवकों के शव रघाटी थाना अंतर्गत पंडौल गांव के समीप नहर किनारे से बरामद किए। वहीं तीन लोगों के शव नवादा जिले की कौआकोल में मिले हैं।
गया में मिले शवों से पता चलता है कि दोनों की हत्या धारदार हथियार से की गई थी। थानाध्यक्ष उदय शंकर ने बताया कि शुरुआती जांच में लगता है कि दोनों शव चालकों के हैं जिन्हें दूसरी जगह पर मार कर यहां फेंक दिया गया। दोनों के शरीर पर कई जगह कटे होने के निशान मिले हैं।
उदय शंकर ने आगे बताया कि शवों से सुबह तक खून रिसने के कारण आशंका है कि हत्या सुबह में ही की गई होगी। शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने शवों को देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
वहीं दूसरी तरफ नवादा जिले की कौआकोल पुलिस ने 24 मई को अगवा किए गए तीन युवकों के शव आज सुबह बरामद किए। ये शव कौआकोल थाना क्षेत्र के महादेव मठ के पहाड़ पर मिले। कौआकोल थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने शव बरामदगी की पुष्टि की है।
जिन तीन लोगों के शव मिले हैं उन्हे 24 मई की शाम अगवा कर लिया गया था। तीनों युवक दो अलग-अलग बाइक से कौआकोल से वापस सिकंदरा लौट रहे थे। मृतकों के नाम जितेंद्र उर्फ रिंकू, राजकुमार उर्फ पल्लू तथा विक्की कुमार रजक हैं।