पटना के कबाड़ गोदाम में आग लगी
- फोटो : ANI
बिहार की राजधानी पटना में रविवार सुबह लगभग 9 बजे एक कबाड़ी गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने से एक लाख रुपये से ज्यादा का माल राख हो गया। यह घटना बहादुरपुर थाना क्षेत्र के शनिचरा मोड़ के पास घटित हुई।
जानकारी के अनुसार रविवार होने के कारण कबाड़ी गोदाम में काम करने वाले कर्मचारियों की छुट्टी थी और गोदाम बंद था। इसी वजह से एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बच गई। आसपास के लोगों ने गोदाम से उठती हुई आग की लपटे देखीं। जिसके बाद लोगों ने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और गोदाम के संचालक परवेज कुमार को दी।
सूचना मिलने के बाद पटना सिटी से फायर ब्रिगेड की दो और कंकड़बाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना है। पुलिस मामला दर्ज करके घटना की जांच कर रही है।