संत जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल
- फोटो : सोशल मीडिया
बेतिया शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान संत जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल में एक अप्रत्याशित घटना ने छात्रों, अभिभावकों और प्रशासन को हिला कर रख दिया। विद्यालय के तीसरे पीरियड के दौरान अचानक हुए विस्फोट की आवाज से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना स्कूल के बाथरूम में हुई, जहां विस्फोट के कारण दीवार को भी नुकसान पहुंचा। इस घटना में एक छात्र घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार की आवश्यकता पड़ी।
क्लास 8 के छात्र ने फोड़ा पटाखा
यह विस्फोट किसी बाहरी हमले का परिणाम नहीं, बल्कि एक छात्र की लापरवाही का नतीजा बताया जा रहा है। विद्यालय सूत्रों के मुताबिक, कक्षा 8 ‘सी’ के एक नाबालिग छात्र ने बाथरूम में पटाखा फोड़ा, जिससे यह विस्फोट हुआ। यह मामला गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि इससे न केवल छात्र की जान खतरे में पड़ी, बल्कि अन्य छात्रों की सुरक्षा भी प्रभावित हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस
विस्फोट की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल किया गया, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एसडीपीओ विवेक दीप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, ताकि विस्फोट के कारणों की पुष्टि की जा सके और किसी अन्य संभावित खतरे को नकारा जा सके।
सीसीटीवी से हुई छात्र की पहचान
विद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संबंधित छात्र की पहचान की गई। इसके बाद छात्र के अभिभावकों को बुलाया गया और आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए छात्र को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देकर स्कूल से निष्कासित कर दिया गया।
ये भी पढ़ें:
ममता की कीमत मौत: बच्ची को जन्म देकर मां ने तोड़ा दम, अस्पताल पर लापरवाही के आरोप
पटाखा फोड़ने वाला छात्र ही हुआ घायल
उल्लेखनीय है कि विस्फोट में घायल हुआ छात्र वही था, जिसने यह कृत्य किया था। घायल छात्र का इलाज उसके अभिभावक किसी अन्य स्थान पर करवा रहे हैं। इस घटना ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों के बीच जागरूकता की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट हुआ है कि छोटी-सी लापरवाही किस तरह बड़े खतरे में बदल सकती है।