पटना ग्रामीण एसपी कोमल मीणा ने दी पूरी जानकारी।
- फोटो : अमर उजाला
पटना में बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश रचने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 13 अक्तूबर को कदमकुआं थाना क्षेत्र के पटना कॉलेज परिसर में छापेमारी के दौरान दो आरोपियों को पकड़ा गया। उनके पास से एक देसी कट्टा और दो कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के आधार पर तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर फतुहा थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। यहां से एक और देसी कट्टा तथा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपी शुभम कुमार ने एसटीएफ पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी का इलाज चल रहा है।
पटना कॉलेज में छापेमारी से शुरू हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित पटना कॉलेज में कुछ लोग किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने और आगे की कार्रवाई के लिए कदमकुआं थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कॉलेज परिसर में छापेमारी की। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ा। इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर फतुहा में छापेमारी कर हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
दो देसी कट्टे और पांच मोबाइल बरामद
पुलिस की कार्रवाई में कुल दो देसी कट्टे, तीन कारतूस, पांच मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी शुभम कुमार के खिलाफ 10 से 12 आपराधिक मामलों में संलिप्तता या आपराधिक इतिहास की जानकारी मिली है। इस संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।
एसपी ग्रामीण ने दी कार्रवाई की जानकारी
पूरे मामले और आगे की कार्रवाई के संबंध में पटना की पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कोमल मीणा ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को देखते ही शुभम ने गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शुभम के पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।