बिहार के सहरसा में जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई को जमकर पीटा। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। यह वायरल वीडियो बीते 25 मई गुरुवार का रजिस्ट्री कार्यालय के परिसर का बताया जा रहा है। इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा रहा है कि रजिस्ट्री कार्यालय परिसर में बड़ा भाई छोटे भाई के साथ मारपीट कर रहा है। इस मारपीट में छोटा भाई इतना घायल हो गया कि उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस घटना के बाद रजिस्ट्री कार्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया था।
जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति का नाम अरुण यादव है जो पेट्रोल पंप का संचालक है। वह सोनवर्षा कचहरी वार्ड नं 11 का रहने वाला बताया जा रहा है। बीते 25 मई को अरुण यादव को जानकारी मिली थी कि उसके हिस्से की जमीन की उसका भाई अशोक कुमार अभय कुमार और भतीजे प्रभात रंजन के साथ सहरसा के रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचकर रजिस्ट्री करवा रहा है। इसके बाद अरुण यादव ने रजिस्ट्री कार्यालय पहुंच कर भाई से सवाल किया कि मेरे हिस्से की जमीन की रजिस्ट्री क्यों करवा रहे हो। इसी बात को लेकर बड़े भाई ने उसे जमकर पीटा और घायल कर दिया।
पीड़ित अरुण यादव ने बताया कि मैं पेट्रोल पंप का संचालक हूं। जब से पेट्रोल पंप खोला है उस दिन से मेरा बड़ा भाई अशोक कुमार, अभय कुमार, भतीजा प्रभात रंजन, नीतीश कुमार ये सब बराबर मेरे साथ मारपीट करते रहते हैं और रंगदारी भी मांगते थे। उसकी सूचना पहले ही थाना, एसपी और डीआईजी साहब को दी थी। उसने बताया कि 25 मई को जब मैं अपने निजी कार्य से रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचा तो मेरे पिताजी कर्म लाल यादव, भाई अशोक कुमार, अभय कुमार, भतीजा प्रभात रंजन और नीतीश कुमार सब मिलकर मेरे हिस्से की जमीन की रजिस्ट्री करवा रहे थे। उसके बाद जब पिताजी से सवाल किया कि क्यों मेरे हिस्से की जमीन की रजिस्ट्री करवा रहे हैं। इसी बात को लेकर सब मिलकर मेरे साथ मारपीट करने लगे और थ्रीनट के बट से सिर पर मारकर घायल कर दिया। उसने कहा कि अभी मैं सदर अस्पताल में इलाजरत हूं।
सदर थाना अध्य्क्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। बहुत जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।