पूर्वी चंपारण के पहाड़पुर प्रखंड में जिउतिया पर्व के दौरान शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। इनरवाभार पंचायत के बनकट गांव स्थित वार्ड संख्या-7 में पोखरे में स्नान करने के दौरान चार नाबालिग बच्चियां गहरे पानी में डूब गईं। हादसे में चारों की मौत हो गई। एक साथ चार बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। पर्व की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
मृतकों की पहचान सरिता देवी की पुत्रियां सोनामति (13) और फूलमती (10), तारा देवी की पुत्री सोनाली कुमारी (10) तथा सुगान्ति देवी की पुत्री प्रतिमा कुमारी (12) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि जिउतिया स्नान को लेकर बच्चियां पोखरे पर गई थीं। इसी दौरान स्नान करते समय चारों गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। आसपास मौजूद लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना स्थानीय लोजपा (आर) के प्रखंड कार्यकारिणी अध्यक्ष सुशील सिंघम ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से चारों बच्चियों को पोखरे से बाहर निकाला गया और तत्काल पहाड़पुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
चार बच्चियों की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिजन अस्पताल पहुंच गए। मासूम बेटियों के शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया। घटना के बाद पूरे बनकट गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ये भी पढ़ें- बिहार: गयाजी में पिंडदान के बीच सेवा की मिसाल, पंजाब के सेवादारों का लंगर; रोज पांच हजार श्रद्धालुओं को भोजन
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है। वहीं, घटना की सूचना के बाद बीडीओ अखिलेश कुमार और सीओ रामसेवक पासवान भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। विधायक राजू तिवारी के भाई रतन तिवारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
एक साथ चार मासूमों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।